नयी दिल्ली.... देश के सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस, भाजपा को दो, आम आदमी पार्टी (आप), जम्मू-कश्मीर पीडीपी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और मिजो नेशनल फ्रंट को एक-एक सीट पर जीत हासिल हुयी है। ये उपचुनाव तेलंगाना की जुबली हिल्स, राजस्थान की अंता, पंजाब की तरनतारन, झारखंड की घाटशिला, ओडिशा की नौपाड़ा, मिजोरम की डम्पा तथा जम्मू-कश्मीर की नगरोटा एवं बडगाम सीट पर हुए थे।
इनमें कांग्रेस को जुबली हिल्स और अंता सीटों पर जीत हासिल हुयी, जबकि भाजपा को नगरोटा और नौपाड़ा सीट पर विजय मिली। घाटशिला से झामुमो, बडगाम से जम्मू-कश्मीर पीडीपी, तरनतारन से आम आदमी पार्टी और डम्पा सीट से मिजो नेशनल फ्रंट को जीत मिली है।
कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव ने जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) उम्मीदवार मगंती सुनीता को 24,729 मतों के अंतर से हराया। नवीन यादव वी (कांग्रेस) को 98,988 मत, मगंती सुनीता गोपीनाथ (बीआरएस) को 74,259 मत और लंकाला दीपक रेड्डी (भाजपा) को 17,061 मत मिले।
राजस्थान की अंता सीट पर कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया को 69, 571 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मोरपाल सुमन को 15,612 मतों से पराजित किया। सुमन को 53,959 वोट मिले।
झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 104794 वोट मिले, जबकि भाजपा के बाबूलाल सोरेन 66270 मत ही हासिल कर सके। सोमेश सोरेन 38524 वोट के अंतर से जीत हासिल की, वहीं 11542 वोट लाकर जेएलकेएम के रामदास मुर्मू तीसरे नंबर पर रहे।
झामुमो नेताओं ने इसे जनसमर्थन की बड़ी जीत बताया है और कहा है कि यह जनता का भरोसा है जो संगठन और उम्मीदवार दोनों के पक्ष में गया।
ओडिशा की नौपाड़ा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जय ढोलकिया अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी घासी राम माझी को 83748 मतों से हराया। जय ढोलकिया को123869 मत मिले, तो कांग्रेस प्रत्याशी को 40121 मत प्राप्त हुए, जबकि बीजू जनता दल की उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 38408 मत मिले।
मिजोरम में डंपा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट के डाॅ आर ललथांगलियाना ने अपने निकटतम उम्मीदवार जोराम पीपुल्स मूवमेंट के वनलालसेलोबो को 562 मतों से पराजित कर दिया।
श्री ललथांगलियाना को 6981 वोट मिले, जबकि श्री वनलालसेलोबो को 6419 मतों से संतोष करना पड़ा। कांग्रेस के जॉन रोतलुआंगलियाना को 2394 मत मिले और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लालहमिंगथांगा चौथे स्थान पर रहे। भाजपा प्रत्याशी को महज 1541 मत ही मिल सके।
पंजाब में तरनतारन विधानसभा सीट के उपचुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी सुखविंदर कौर को 12091 मतों से हरा कर सीट को बरकरार रखी।श्री संधू को 42649 को मत मिले, जबकि शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी सुखविंदर कौर को कुल 30558 वोट मिले। डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी 'वारिस पंजाब दे' के उम्मीदवार मनदीप सिंह खालसा 19620 मत प्राप्त कर 23029 मतों के अंतर से तीसरे स्थान पर रहे।
कांग्रेस के उम्मीदवार करणवीर सिंह 15078 मत प्राप्त कर 27561 मतों के अंतर से चौथे स्थान पर रहे, जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हरजीत सिंह संधू 6239 प्राप्त कर पांचवें स्थान पर रहे। उन्हे कुल 6239 मत प्राप्त हुए हैं। कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) को बड़ा झटका देते हुए बडगाम उपचुनाव 4,478 वोटों के अंतर से जीत लिया। पीडीपी उम्मीदवार आगा मुंतजिर को 21,576 वोट मिले, जबकि नेकां के उम्मीदवार आगा महमूद को 17,098 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आगा मोहसिन को 2,619 और निर्दलीय उम्मीदवार जिबरान डार को 7,152 वोट मिले।
जम्मू-कश्मीर की नगरोटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की दिव्यरानी राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के उम्मीदवार हर्ष देव सिंह को 24647 मतों से पराजित किया। श्रीमती राणा को कुल 42350 मिले, जबकि श्री सिंह ने कुल 17703 मत हासिल किये। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस यहां पर तीसरे नवंबर पर रही है और उसकी उम्मीदवार शमीम बेगम ने कुल 10872 मत प्राप्त किये।