नयी दिल्ली... रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के अध्यक्ष तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-राजग को मिली प्रचंड जीत को विश्वास, विकास और सुशासन की जीत बताया और कहा कि इस जीत से बिहार के उज्ज्वल भविष्य और प्रगति के नये अध्याय की शुरुआत हो गयी है।
श्री आठवले ने जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा जनता दल(यू) नेता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी और कहा कि यह प्रचंड जीत श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर परिश्रम और जनता के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनका कहना था कि श्री मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह के रणनीतिक मार्गदर्शन, संगठनात्मक कौशल और निरंतर परिश्रम ने राजग की इस ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री रामदास आठवले ने इस जनादेश को जनता के विश्वास, विकास और सुशासन की जीत बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य के विधानसभा चुनाव में राजग को मिली ऐतिहासिक जीत इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियां और जनहितकारी कार्य सीधे तौर पर जनता के दिलों में अपनी जगह बना चुके हैं। राजग सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के सर्वांगीण विकास, युवाओं के सशक्तीकरण, महिलाओं की प्रगति और सामाजिक न्याय के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे और श्री कुमार के नेतृत्व में विकास , स्थिरता, सामाजिक न्याय की राह पर अग्रसर राज्य की यात्रा निरंतर जारी रहेगी।