लखनऊ.... भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उत्तर प्रदेश में शुरू किए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश कार्यशाला शनिवार को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई।
कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य तथा उत्तराखंड के पूर्व महामंत्री राजू भंडारी सहित कई पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण अभियान की रूपरेखा पर मार्गदर्शन दिया। संचालन प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक अनूप गुप्ता ने किया। पार्टी ने बूथ स्तर तक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने का निर्णय लिया है।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया है और इससे संगठन को वैचारिक एवं नेतृत्व स्तर पर मजबूती मिलती है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद को भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह महाअभियान संगठन सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के जरिए बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का उल्लेख किया कि भाजपा संगठन आधारित और विचारधारा प्रेरित राजनीतिक दल है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ स्तर तक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं। अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण तीन दिन, जिला स्तर पर दो दिन, मंडल स्तर पर 24 घंटे तथा बूथ स्तर पर दो सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में प्रदेश, क्षेत्र और जिला स्तर के पदाधिकारी तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।