नयी दिल्ली.... दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में वर्तमान भाजपा सरकार और पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार ने यमुना सफाई के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करने का दावा किया है लेकिन नदी का प्रदूषण उसी स्तर पर बना हुआ है।
उन्होंने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली सरकार की पहल पर द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (टेरी) द्वारा किये गये अध्ययन में यमुना और भूजल में माइक्रोप्लास्टिक कणों की उच्च मात्रा पाई गई। रिपोर्ट के अनुसार, मानसून से पहले नदी में 6,375 कण प्रति घन मीटर और बाद में 3,080 कण प्रति घन मीटर दर्ज किए गए। 42 स्थानों से लिये गये भूजल नमूनों में भी प्रदूषण चिंताजनक पाया गया।
श्री यादव ने कहा कि नजफगढ़ और शाहदरा समेत कई नालों से अनुपचारित सीवर सीधे यमुना में गिर रहा है। उन्होंने दावा किया कि दूषित जल लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रहा है और कैंसर जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर केवल घोषणाएं करने का आरोप लगाते हुए यमुना की प्रभावी सफाई की मांग की है।