नई दिल्ली .... संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू और निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज चुनाव आयोग से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित रूप से दिए गए बयान को लेकर आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। भाजपा नेताओं ने इसे गंभीर और निंदनीय मामला बताते हुए निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग की। मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल दुख और आक्रोश के साथ आयोग के समक्ष पहुंचा। रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान है। वहीं केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के समक्ष यह मुद्दा उठाया है कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे व्यक्ति ने बेहद निंदनीय शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि यह बयान किसी निजी बातचीत में नहीं, बल्कि चुनावी राज्य चेन्नई में मीडिया को संबोधित करते हुए दिया गया, जहां प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा गया। सीतारमण ने कहा कि आज देश एक गंभीर और भावनात्मक दिन मना रहा है, क्योंकि पुलवामा हमले की पहली बरसी पूरी हुई है।