कानपुर.... कानपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के पर्यवेक्षण में 8 अप्रैल की शाम आठ बजे से 10 बजे तक यह अभियान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों और शराब की दुकानों के आसपास सघन चेकिंग की गई तथा संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की अनुमति न दें।
पुलिस के अनुसार कुल 345 रेस्टोरेंट/दुकानों/ढाबों की जांच की गई, जबकि 2035 व्यक्तियों और 1421 वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 5 अभियोग दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा अवैध शराब भी बरामद की गई।
इसके अतिरिक्त 769 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 401 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान किया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और कानून का पालन करें। साथ ही ऐसी गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।