नई दिल्ली .... पहलगाम आतंकी को आज एक साल पूरे हो गए हैं। जब आतंकी हमला हुआ था तब पूरे विश्व ने इस हमले की निंदा की थी। आज भारत में इस्राइल के राजदूत रूवेन अजार इस आतंकी हमले को याद किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में तेल अवीव नई दिल्ली के साथ खड़ा है।
एक्स पर पोस्ट करके अजार ने कहा, पहलगाम आतंकी हमले में 26 बेकसूर लोगों की जान जाने की दुखद घटना को एक साल हो गया है। हम उन्हें याद करते हैं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इस्राइल भारत के साथ खड़ा है। उन्होंने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और 7 अक्टूबर को इस्राइल द्वारा झेली गई क्रूरता से इसकी तुलना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती और इस खतरे का सामना करने में भारत और इस्राइल एकजुट हैं। पहलगाम आतंकी हमला 22 अप्रैल, 2025 को हुआ था, जब पर्यटकों को निशाना बनाकर किए गए एक क्रूर नरसंहार में 26 लोग मारे गए थे। इस हमले को द रेजिस्टेंस फ्रंट ने अंजाम दिया था, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का ही एक हिस्सा है। अर्जेंटीना के भारत में राजदूत, मारियानो कॉसिनो ने पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मारियानो कॉसिनो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, भारत के खिलाफ पहलगाम आतंकी हमले की दुखद घटना को एक साल बीत चुका है। अर्जेंटीना की सरकार और वहां की जनता की ओर से, हम उन बेकसूर लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने पिछले साल इसी दिन अपनी जान गंवाई थी। भारत में ब्रिटेन के दूतावास ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और संवेदनाएं जताई। एक्स पर पोस्ट करके दूतावास के जरिए लिखा गया ब्रिटेन आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करता है। भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की बरसी पर यूरोपीय संघ और उसके 27 सदस्य देश, एक साल पहले मारे गए निर्दोष पीड़ितों की याद में, भारत के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने एक्स पर लिखा इस्राइल देश की ओर से, पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर, हम उन निर्दोष लोगों की याद को सम्मान देते हैं।