नई दिल्ली .... कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही सिद्धारमैया शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में सिद्धारमैया ने हाईकमान के सामने अपनी कई मांगें रखीं, जिनमें बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के लिए नए मंत्रिमंडल में अहम मंत्रालय की मांग भी शामिल बताई जा रही है। उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक पार्टी सूत्रों ने कहा है कि डीके अगले हफ्ते नए मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं। सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए 4 डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस शिवकुमार ने को कहा कि राज्य में नई कैबिनेट बनाने को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। सबकुछ हाईकमान के कहने के मुताबिक हो रहा है। शनिवार को कांग्रेस लेजिस्लेटिव पार्टी की एक मीटिंग बुलाई गई है। पार्टी के सभी विधायकों से मीटिंग के लिए बेंगलुरु में मौजूद रहने को कहा गया है। शिवकुमार ने मीडिया से कहा- हमारे केंद्रीय नेताओं को आना है। हमें अपने हाईकमान से बात करनी है। इसके अलावा और कुछ नहीं है। इधर, कांग्रेस विधायक अशोक पट्टन ने दावा किया है कि शनिवार को होने वाली मीटिंग में डीके शिवकुमार के कांग्रेस लेजिस्लेटिव पार्टी के नेता चुने जाने की संभावना है। पट्टन ने कहा- जब हम दिल्ली गए थे, तो 40 सदस्यों की बात हुई थी, उनमें से 20 नए चेहरे कैबिनेट में होंगे।