लखनऊ .... सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। प्रदेश में अगर बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश ही नहीं, विदेशों में भी इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है।
सीएम गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्टि्रयल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस प्लांट पर 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। करीब 100 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। सीएम ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी अपराध और अराजकता की पहचान थी, आज वही जेवर निवेश के सर्वश्रेष्ठ गंतव्यों में शामिल हो रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र के विकास से यह पूरा इलाका औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। आने वाले समय में जेवर देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ेपन, अराजकता और पहचान के संकट जैसे सवाल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डीरेग्युलेशन के मामले में प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है। राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।