नई दिल्ली/पटना (एजेंसी)। पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के पूर्णिया में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने कहा, जो मेरे पहले यहां के चक्कर काटकर गए, उन्हें मखाना का नाम भी नहीं पता होगा। उन्होंने कहा, बिहार की प्रगति और गति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। कांग्रेस और राजद वालों को ये पच नहीं रहा है। बिहार जब भी आगे बढ़ता है, ये लोग बिहार का अपमान करने में जुट जाते हैं। ये लोग बिहार की तुलना बीड़ी से कर रहे हैं। इन लोगों को बिहार से नफरत है। इन लोगों ने बिहार को बदनाम करने की ठान ली है। ये सिर्फ अपनी तिजोरी भरने वाले लोग हैं। इससे पहले उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट का उदघाटन किया। इसके बाद वे खुली गाड़ी से लोगों का अभिवादन करते हुए मंच पर पहुंचे। गाड़ी में उनके साथ सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। पीएम ने एयरपोर्ट से 15 किलोमीटर दूर सीसाबाड़ी सिकंदरपुर स्थित एसएसबी ग्राउंड से 35561 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उदघाटन किया। साथ ही 4 ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस और राजद से न सिर्फ बिहार के सम्मान को खतरा है। बिहार की पहचान को भी खतरा है। वोट बैंक का स्वार्थ है कि कांग्रेस और राजद के लोग घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं। नारे लगा रहे हैं। यात्राएं निकाल रहे हैं। ये बिहार के संसाधन और सुरक्षा दोनों को दांव पर लगाना चाहते हैं। राजद-कांग्रेस की जमात कान खोलकर सुन लो। जो भी घुसपैठिया है उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना हृष्ठ्र की पक्की जिम्मेदारी है। जो नेता घुसपैठियों को बचाने के लिए खड़े हैं, वो सामने आ जाएं। चुनौती देता हूं आप उनकी ढाल बनिए मैं उन्हें बाहर निकालकर रहूंगा। भारत में भारत का कानून चलेगा। कांग्रेस और राजद बीते 2 दशकों से सत्ता से बाहर है। इसमें अहम भूमिका बिहार माताओं-बहनों की है। राजद के राज में हत्या, बलात्कार होते थे। हमारी सरकार में वही महिलाएं लखपति दीदी और ड्रोन दीदी बन रही हैं। कांग्रेस और राजद को सिर्फ अपने परिवार की चिंता करते हैं। मोदी के लिए आप सब ही मोदी का परिवार हैं, इसलिए मोदी कहता है, सबका साथ-सबका विकास। ये लोग क्या कहते हैं। अपने परिवार का साथ, अपने परिवार का विकास।
प्रधानमंत्री करीब 3 घंटे पूर्णिया में रुके। पीएम ने एक वंदे भारत और तीन अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी भी दिखाई। प्रधानमंत्री ने कहा, इस बार दिवाली और छठ से पहले हमारी सरकार में बड़ा उपहार दिया है। आज से ठीक 7 दिन बाद नवरात्र के पहले दिन 22 सितंबर से देश में जीएसटी एकदम कम हो जाएगी। आपकी रोजमर्रा के जरूरत की चीजों पर जीएसटी कम की गई है। इससे माताओं बहनों का रसोई का खर्च बहुत कम होने वाला है।
मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, आज 40 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का शिलान्यास हुआ है। इससे बिहार को नई उड़ान मिलेगी। लोगों को नए घरों की चाबी दी गई है। हमारी सरकार ने पिछले 11 साल में 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर बनाकर दिए हैं। अब हम 3 करोड़ घर बनाने का काम कर रहे हैं। जब तक हर गरीब को घर नहीं मिलता मोदी रुकने वाला नहीं है।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने पीएम मोदी के सामने कहा पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। बीच में गड़बड़ हो गया था। अब ये कभी संभव नहीं है कि गड़बड़ हो जाए। हमारी पार्टी के कुछ नेता गड़बड़ कर देते थे। अब मेरे इधर-उधर जाने का सवाल ही नहीं उठता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, देखिए अब हम लोग कितना काम कर रहे हैं। उन लोगों ने क्या काम किया था। हम 2005 में सरकार में आए थे। उसके पहले कुछ नहीं था। पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। बीच में गड़बड़ हो गया था। अब कभी ये संभव नहीं है कि गड़बड़ हो जाए। हमारी पार्टी के कुछ नेता गड़बड़ कर देते थे।