नई दिल्ली ... राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर शनिवार को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि एकता, करुणा और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित एक सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण के लिए उनके उपदेश मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मुर्मू ने कहा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह विपरीत परिस्थितियों में भी गरिमा और आदर्शों के लिए बलिदान के प्रतीक हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एकता, करुणा और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण के लिए उनकी शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहें।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं! अदम्य साहस और विलक्षण दूरदर्शिता के साथ उन्होंने लोगों को धर्मपरायण जीवन जीने की प्रेरणा दी और अपने अनुयायियों को एक ऐसी शक्ति में एकजुट किया जो न्याय और आत्मसम्मान के आदर्शों की रक्षा के उत्साह से ओतप्रोत होकर अपने से कहीं अधिक शक्तिशाली शत्रुओं का बहादुरी से सामना करने में सक्षम थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि गुरु गोविंद सिंह साहस, करुणा और त्याग के प्रतीक हैं तथा उनका जीवन एवं शिक्षाएं सभी को सत्य, न्याय एवं धर्मपरायणता के लिए खड़े होने और मानवीय गरिमा की रक्षा करने के लिए प्रेरित करती हैं। मोदी ने कहा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह की दूरदृष्टि पीढ़ियों को सेवा और निस्वार्थ कर्तव्य की ओर निरंतर मार्गदर्शन देती रही है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र प्रकाश उत्सव के अवसर पर हम उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। वह साहस, करुणा और त्याग के प्रतीक हैं। उनका जीवन और शिक्षाएं हमें सत्य, न्याय, धर्मपरायणता के लिए खड़े होने और मानवीय गरिमा की रक्षा करने के लिए प्रेरित करती हैं।
सीएम योगी ने कहा, गुरु गोबिंद सिंह का संघर्ष निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए शनिवार को कहा कि अन्याय और अधर्म के विरुद्ध उनका संघर्ष निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘महान संत एवं धर्मयोद्धा, साहस और त्याग की प्रतिमूर्ति, खालसा पंथ के संस्थापक, दशमेश पिता गुरु श्री गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।’’ उन्होंने कहा, अन्याय व अधर्म के विरुद्ध आपका संघर्ष और धर्मरक्षा का संदेश संपूर्ण मानवता को सत्य, निष्ठा एवं निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कहा, ‘‘सिखों के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व की आप सभी को लख-लख बधाइयां।’’ चौधरी ने कहा, ‘‘धर्म, मानवता, समानता और प्रेम-भाईचारे का जो मार्ग उन्होंने दिखाया, उनकी शिक्षाएं और विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले प्रकाश-स्तंभ हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स पर’ पोस्ट कर कहा ‘समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को सिख धर्म के दशम गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं!’ उन्होंने कहा, ‘यह पावन अवसर हम सभी के जीवन में साहस, सेवा और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा प्रदान करे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को सिख धर्म के दशम गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।