कुशीनगर .... उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शुक्रवार की रात से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त -व्यस्त कर दिया है। तेज हवा के बीच हुई बारिश से खेतों में धान और गन्ने की फसलें गिर गई है।
कई जगहों पर तेज हवा के चलते सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित है। जिले की बिजली व्यवस्था भी लड़खड़ा गई है। भारी वर्षा से पडरौना शहर के साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश की देखते हुए जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तवर ने शनिवार को विद्यालय बंद करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार की रात से ही जिले में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। भारी बारिश से रोडवेज परिसर एवं लोक निर्माण विभाग, बीआरसी, पुलिस ऑफिस परिसर में पानी भर गया है। इसके अलावा अन्य कई कार्यालय व पुलिस लाइन मैदान की स्थिति भी यही है। पुलिस लाइन की तरफ से मुख्य मार्ग पर आने वाली सड़क पर भी पानी भरने से लोग परेशान हैं। पडरौना शहर के मुन्ना कालोनी , छावनी , भटवलिया परिषदीय विद्यालय के साथ ही कई विद्यालय परिसर में पानी भर गया है। वही पडरौना, तमकुही मार्ग, फाजिलनगर समेत कई विद्यालय परिसर में पेड़ भी गिर गए है। तेज हवा के चलते पडरौना- दुदही मार्ग, फाजिलनगर -बघौचघाट मार्ग , पडरौना - कसया पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया है। उधर पूरे जिले की बिजली व्यवस्था भी लड़खड़ा गई है। लोगों के मोबाइल समेत अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण बंद हो गए है।