लखनऊ ..... अलीगंज के आवासीय क्षेत्र में तिमंजिला अवैध व्यावसायिक इमारत के भूतल में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग में झुलसने व दम घुटने से सोमवार को 18 लोगों की मौत हो गई। आग दोपहर बाद करीब तीन बजे लगी। देखते ही देखते इसने पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। पहली व दूसरी मंजिल पर स्थित एनीमेशन ट्रेनिंग सेंटर, गेमिंग जोन और कोचिंग में मौजूद कर्मचारी, इंस्ट्रक्टर व छात्र जान बचाने के लिए भागे लेकिन निकासी का मात्र एक द्वार होने के कारण फंस गए। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म वाहन समेत 14 दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि लोगों को निकलने का मौका ही नहीं मिला, दो लोग जान बचाने को दूसरी मंजिल से कूद गए, जो गंभीर रूप से चोटिल हैं। मृतकों व घायलों को किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर भेजा गया। प्रशासन ने अभी तक 15 लोगों की मौत की ही पुष्टि की है। कई विद्यार्थियों ने नीचे कूदकर जान बचाई। कुछ को गंभीर रूप से चोटें आयी हैं। जिस इमारत में आग लगी वहां पर पहले दो तल पर पेट शाप और गेमिंग जोन था और तीसरे तल पर कोचिंग और लाइब्रेरी थी। बताया जाता कि दोपहर तीन बजे के करीब जब आग लगी तब कई लोग बिल्डिंग में मौजूद थे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एसीएस होम संजय प्रसाद डीजीपी राजीव कृष्णा के अलावा डीएम और दूसरे पुलिस अधिकारी मौके पर बचाव और राहत कार्य में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने व घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा किक हमें पता चला है कि अभी सबसे ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने अंदर जाने के लिए पहली मंजिल की एक दीवार तोड़ी है। वहां बहुत ज्यादा धुआं है। हर कमरे की तलाशी ली जा रही है। हमारी प्राथमिकता सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना है। प्रशासन और मेडिकल टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं और हमने डॉक्टरों को भी यहां बुलाया है। जिन बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार की जरूरत हो सकती है, उन्हें यहीं पर इलाज देने का इंतज़ाम भी किया गया है।
अग्निकांड की घटना में जान गंवाने वाले 15 के नाम : सागर उम्र 27 वर्ष, नीलेश उम्र 27 वर्ष, अनामिका उम्र 28 वर्ष, संयम उम्र 30 वर्ष, अनुक्षा उम्र 25 वर्ष, सुमल्या उम्र 30 वर्ष, शाहजान उम्र 19 वर्ष, सुखमणि उम्र 24 वर्ष, आदित्य श्रीवास्तव उम्र 23 वर्ष, अब्दुल रहमान उम्र 24 वर्ष, अम्मार उम्र 22 वर्ष, जैनिल उम्र 23 वर्ष, ज्योति उम्र 24 वर्ष, भविष्य उम्र 19 वर्ष, सूरज उम्र 22 वर्ष। घायलों में जयंत, लवप्रीत, मो. आसिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेंद्र, अभिषेक, पंकज जोशी, गौरव कुमार। पोस्टमार्टम हाउस भेजी गई बॉडी को लेने परिवारीजन पहुंच रहें। अभी कुछ बॉडी की पहचान होना अभी शेष है।
लवप्रीत पाइप के सहारे नीचे कूंदीं, जयंत की रीड़ की हड्डी टूटी : वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने केजीएमयू पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि दो लोग अभी भर्ती हैं, जिनसे उन्होंने बातचीत भी की। लवप्रीत पाइप के सहारे नीचे कूदीं, जबकि जयंत तीसरी मंजिल से कूदे, जिसके कारण उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है, जो बेहद दुखद है। मंत्री ने बताया कि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, जो धुएं के कारण दम घुटने से हुई। घटना की गहन जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।