नयी दिल्ली.... भारत और भूटान के बीच सीमा पार नदियों के संबंध में सहयोग को लेकर शुक्रवार को यहां उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक हुई जिसमें भूटान सरकार के ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री ल्योनपो गेम त्शेरिंग के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल और भारत सरकार के जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया।
बैठक में दोनों पक्षों ने जल संसाधन क्षेत्र में भारत-भूटान सहयोग की समीक्षा की। इस दौरान सीमा पार नदी प्रबंधन, बाढ़ पूर्वानुमान एवं बाढ़ नियंत्रण, जल विज्ञान संबंधी आंकड़ों के आदान-प्रदान और आपसी हित के अन्य विषयों पर चर्चा हुई। दोनों मंत्रियों ने भूटान में भारत के सहयोग से चल रही पुनात्सांगछू-1 जलविद्युत परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और इसके कार्य को तेजी से पूरा करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में भूटान में मौजूदा जल-मौसम विज्ञान नेटवर्क को मजबूत और उन्नत बनाने तथा सीमा पार नदियों से संबंधित जल विज्ञान आंकड़ों के आदान-प्रदान की मौजूदा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने सीमा पार जल संसाधनों के सतत और पारस्परिक रूप से लाभकारी प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के साथ ही तकनीकी सहयोग, आपसी विश्वास और नियमित संस्थागत संवाद के माध्यम से जल संसाधन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जतायी।